प्रतापगढ़,10 जून 2025: उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की तरह ही एक कपल हनीमून मनाने गया, और लापता हो गया। मिली जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी बीते 12 दिनों से लापता है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। हालाँकि अभी तक उनके बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है और न ही कोई अन्य जानकारी मिली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस टूरिस्ट वाहन में यह कपल सवार था उसका हादसा हो गया था और वह खाई में गिर गया था। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रतापगढ़ में शादी, सिक्किम में हनीमून…
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का नव विवाहित जोड़ा कौशलेंद्र प्रताप सिंह (29) और अंकिता (26) की शादी पिछले माह की 5 तारीख को हुई थी। 24 मई को वह दोनों हनीमून मनाने के लिए सिक्किम गए। वहाँ जाने के बाद दोनों की कोई भी ख़बर नहीं मिली, वहाँ दोनों लापता हो गए। आपको बता दें कि कौशलेंद्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और वह प्रतापगढ़ जिले के राहा टीकर गाँव सांगीपुर का रहने वाला है। उसके पिता का नाम शेर बहादुर सिंह है। उसकी पत्नी अंकिता पट्टी कोतवाली क्षेत्र के धनगढ़ सराय छिवलहा गाँव निवासी विजय सिंह की बेटी है।
दोनों पति-पत्नी हुए हादसे का शिकार!
कौशलेंद्र और अंकिता दोनों अपनी शादी के बाद हनीमून मनाने के लिए सिक्किम गए थे। जिस वाहन में दोनों सवार थे। बताया जा रहा है की वो वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, दो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। साथ ही आठ लोगों के लापता होने की भी जानकारी मिली है। इन आठ लोगों में कौशलेंद्र और अंकिता भी है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। एनडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। लेकिन, अभी तक दोनों की तलाश नहीं हो पाई।