नई दिल्ली, 22 जून 2026: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की सहायता राशि एक साथ भेजने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने पंजाब की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह कदम सराहनीय है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह तथा अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने की भगवंत मान सरकार की योजना दुनिया का सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को सभी पात्र महिलाओं के खातों में तीन महीने की राशि एक साथ भेजी जाएगी।
एक्स पर दी जानकारी
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि 1 जुलाई को पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की राशि एक साथ जमा की जाएगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की प्रत्येक पात्र महिला को 3,000 रुपये तथा एससी वर्ग की प्रत्येक पात्र महिला को 4,500 रुपये मिलेंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं, तो प्रत्येक महिला को अलग-अलग सम्मान राशि दी जाएगी। उनके अनुसार यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया था ऐलान
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फतेहगढ़ साहिब के चनार्थल कलां में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान इस योजना की घोषणा की थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं से पूछा था कि वे हर महीने सहायता राशि लेना चाहती हैं या दो-तीन महीने की राशि एक साथ।
महिलाओं द्वारा एकमुश्त राशि देने की मांग किए जाने पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि अब तीन महीने की सहायता राशि एक साथ उनके खातों में भेजी जाएगी। इसके तहत 1 जुलाई को सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये तथा एससी वर्ग की पात्र महिलाओं को 4,500 रुपये दिए जाएंगे। यदि किसी परिवार में एक से अधिक पात्र महिलाएं हैं, तो सभी को योजना का लाभ मिलेगा।
महिलाओं के सम्मान से जुड़ी है योजना
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा था कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना और उनके सम्मान को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं की छोटी-छोटी जरूरतों, पारिवारिक रीति-रिवाजों और सामाजिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में सहायक होगी।
उन्होंने कहा कि जब घर में पोते-पोतियां, नाती-नातिन या बेटियां आती हैं, तो उनके लिए उपहार या आवश्यक सामान खरीदने में यह राशि मददगार होगी। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि माताओं और बहनों के सम्मान से जुड़ी एक पहल है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक महिला को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में सहयोग देना है।
ये भी देखें: 1 जुलाई से महिलाओं को 3 किस्तें: बलतेज पन्नू