चंडीगढ़, 22 जून 2026: आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने दावा किया है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए सभी वादों और गारंटियों को पूरा कर दिया गया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि सरकार की अंतिम चुनावी गारंटी ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ को लागू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किए गए ऐलान के अनुसार, 1 जुलाई से इस योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि भेजनी शुरू कर दी जाएगी।
महिलाओं के खातों में आएंगे 3,000 रुपये
बलतेज पन्नू ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला के बैंक खाते में तीन महीनों की राशि, यानी 3,000 रुपये, एक साथ ट्रांसफर किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की पात्र महिलाओं को 4,500 रुपये प्रति महिला की राशि प्रदान की जाएगी। यह प्रक्रिया 1 जुलाई से प्रभावी रूप से शुरू होगी।
‘सरकार ने सभी चुनावी गारंटियां पूरी कीं’
बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब सरकार ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले जनता से किए गए सभी चुनावी वादों और गारंटियों को पूरा कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने केवल घोषणापत्र में किए गए वादों को ही नहीं, बल्कि कई ऐसे जनकल्याणकारी कार्य और योजनाएं भी लागू की हैं जिनका उल्लेख चुनावी घोषणापत्र में नहीं था।
उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को शत-प्रतिशत पूरा किया है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है।
ये भी देखें: पंजाब कैबिनेट का बड़ा फैसला: निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी 5% तक सीमित