कन्नौज, 24 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश के कन्नौज के पास स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बस स्कूली बच्चों को पिकनिक से लेकर लौट रही थी। इसी दौरान एक ट्रक ने पीछे से बस में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से 4 बच्चों की मौत हो गई और 35 बच्चे घायल हो गए।
ये हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर पर हुआ है। घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर हड़कंप मच गया। लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
आगरा से स्कूली बच्चों को पिकनिक पर लेकर बस कौशांबी गई थी। मंगलवार को सभी बच्चे वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक्सप्रेसवे पर बस को खड़ा किया गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इसमें 4 बच्चों की मौत हो गई और 35 बच्चे घायल हो गए। इस घटना के दौरान बस में करीब 50 बच्चे और 6 टीचर सवार थे।
इस घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी एक्टिव मोड में आ गए। मौके पर आला अधिकारियों ने पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दोनों मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और घायलों से बात की। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर इलाज दिया जाए। पुलिस मौके की जांच में जुटी हुई है।
ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे