इग्नू की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू, 11 जेलों में भी सेंटर, 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचा जरूरी

by Manu
ignou

चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026: नौकरी कारोबार और घर की जिम्मेदारियों के बीच दूरस्थ शिक्षा के जरिये पढ़ाई कर रहे प्रदेश के 1.69 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा की घड़ी आ गई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की दिसंबर सत्र की वार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होने जा रही हैं। इस बार परीक्षा की खास बात यह है कि सामान्य परीक्षा केंद्रों के साथ प्रदेश की 11 जेलों में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी। यहां बंद 1492 बंदी और कैदी भी अपनी पढ़ाई का मूल्यांकन कर सकेंगे। परीक्षाएं 14 जनवरी 2027 तक चलेंगी।

परीक्षाओं के संचालन के लिए इग्नू के करनाल क्षेत्रीय केंद्र की ओर से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कुल 30 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें करनाल भिवानी फतेहाबाद हिसार कैथल कुरुक्षेत्र सिरसा सोनीपत पानीपत और रोहतक शामिल हैं। करनाल में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बुद्धा कॉलेज विनायक पॉलिटेक्निक काछवा और जिला जेल शामिल हैं। इस व्यवस्था के तहत नियमित विद्यार्थियों के साथ जेलों में बंद परीक्षार्थियों को भी परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।

इग्नू ने परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र यानी हॉल टिकट जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा दो सत्रों में होगी। सुबह का सत्र 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और शाम का सत्र दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रवेश पत्र के साथ विश्वविद्यालय का पहचान पत्र भी लाना अनिवार्य है। इनके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

ये नहीं देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे

You may also like