चंडीगढ़, 02 जुलाई 2026: राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय हाई कोर्ट से मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।
गुरुवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मामले को मेंशन करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और याचिका पर जल्द सुनवाई की जाए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट इस मामले में सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। कोर्ट इस मामले में कल शुक्रवार को ही सुनवाई करेगा।
मेघालय सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट से कहा कि एक महिला अपने पति को मेघालय ले गई थी, जहां उसने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंक दिया।
इस मामले में दो बार उसकी जमानत यह कहते हुए खारिज की गई थी कि उसके फरार होने की आशंका है। लेकिन अब उसे इस आधार पर जमानत दे दी गई है कि गिरफ्तारी के समय उसे गिरफ्तारी के आधार (Grounds of Arrest) पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जबकि कमी केवल एक धारा में टाइपिंग की गलती की थी।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट के सामने सोनम रघुवंशी के फरार होने की आशंका भी जताई और मांग रखी कि ऐसे में कल (शुक्रवार) ही इस मामले की सुनवाई हो।
एसजी तुषार मेहता की इस मांग को सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया और मामले की सुनवाई शुक्रवार को करने पर सहमति जताई है।
ये भी देखे: राजा रघुवंशी मर्डर केस में एक और नए किरदार की एंट्री, सोनम ने उसे किए 234 कॉल