शिमला, 14 अगस्त 2026: हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से जुड़ी तमाम घटनाओं में 177 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कुदरत के कहर से हिमाचल बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार प्रदेश में 30 जून से 13 अगस्त तक प्राकृतिक आपदा और सड़क हादसों में 177 लोगों की जान जा चुकी है।
सार्वजनिक और निजी संपत्ति को 955.52 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रदेश में वर्षा और भूस्खलन के कारण 136 सड़कें बाधित हैं। प्रदेश में 14 से 19 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14, 17 और 18 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है। 14 अगस्त को लाहुल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और ऊना को छोड़ अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का ऑरेंज व येलो अलर्ट है। किन्नौर के निचार तहसील की रूपी पंचायत के गुरगुरी कंडे में बुधवार देर रात बिजली गिरने से दलीप सिंह की 150 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।
धर्मशाला शहर के वार्ड पांच खजांची मोहल्ला में वर्षा का पानी मकान और चार दुकानों में घुसने से सामान खराब हो गया। धर्मशाला के खड़ा डंडा मार्ग पर पानी में एक बाइक कुछ दूरी तक बह गई। शिमला की ढली सब्जी मंडी के सामने वीरवार को पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक वाहन को नुकसान पहुंचा है।
ये भी देखे: मानसून ने दी गर्मी से राहत, लेकिन छोड़ी तबाही, जम्मू-कश्मीर में बादल फटे, हिमाचल में 46 सड़कें बंद