भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले- गन्ने के रेट में 15 रुपये की बढ़ोतरी किसानों के साथ मजाक

by Manu
भूपेंद्र सिंह हुड्डा

चंडीगढ़, 15 नवंबर 2026: कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को पूरे हरियाणा में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। जिस तरह भाजपा की वोट चोरी पकड़ी गई है उसके चलते जनता बहुत जागरूक हो चुकी है। 2029 के चुनाव में जनता भाजपा व चुनाव आयोग को वोट चोरी नहीं करने देगी। रोहतक में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। रोहतक में हुड्डा पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा गन्ने के रेट में मात्र 15 रुपये की बढ़ोतरी करना किसानों के साथ भद्दा मजाक है। गन्ने की कीमत में सरकार ने मात्र 3 प्रतिशत वृद्धि की है। जबकि महंगाई आसमान छू रही है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस सरकार के साढ़े 9 साल (2005 से 2014) में गन्ने के रेट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई। उस समय गन्ने का रेट 117 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 310 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया था। यानी कुल 193 रुपये की बढ़ोतरी हुई जो 165 प्रतिशत है। इस दौरान औसतन हर साल करीब 18.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

वहीं भाजपा सरकार के 12 साल में गन्ने के रेट में सिर्फ 120 रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसे 310 रुपये से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल किया गया जो कुल मात्र 39 प्रतिशत की वृद्धि है। इस अवधि में औसतन हर साल सिर्फ करीब 3.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यानी कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले 6 गुना ज्यादा बढ़ोतरी की।

अन्य फसलों की भी बात की जाए तो कांग्रेस कार्यकाल में फसलों के रेट में हर साल औसतन 14-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती थी। जबकि भाजपा के कार्यकाल में यह घटकर मात्र 5 प्रतिशत रह गई है। यानी कांग्रेस एमएसपी में भाजपा के मुकाबले 3 गुना ज्यादा बढ़ोतरी करती थी। किसानों को उचित कीमत देने व उसकी बढ़ोतरी के मामले में भाजपा कांग्रेस के मुकाबले कहीं नहीं ठहरती।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like