नई दिल्ली, 14 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस, फायर, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं के 1,057 कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 301 वीरता पदक, 92 राष्ट्रपति पदक और 664 सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं। वीरता पदकों में वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के 197 कर्मियों को सबसे अधिक सम्मान मिला।
गृह मंत्रालय के मुताबिक 301 वीरता पदकों में से सबसे अधिक पुरस्कार उन कर्मियों को दिए गए हैं जिन्होंने वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में अदम्य साहस का परिचय दिया। इनमें ऐसे 197 कर्मी शामिल हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के 51, पूर्वोत्तर के 12 और देश के अन्य हिस्सों के 41 कर्मियों को वीरता पदक प्रदान किए गए हैं।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस और फायर सर्विस के कर्मियों को कुल 301 वीरता पदक दिए गए हैं। इनमें 272 पुलिस कर्मी और 29 फायर सर्विस कर्मी शामिल हैं।
सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वीरता पदक जीवन और संपत्ति की रक्षा करने, अपराध को रोकने या अपराधियों को पकड़ने में दिखाई गई असाधारण बहादुरी के लिए दिया जाता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी के दायित्वों और कर्तव्यों को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा उठाए गए जोखिम का भी आकलन किया जाता है।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार ने 3 कॉलेजों का नाम बदला, साहिदों और स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर मुहर