चंडीगढ़, 17 जून 2026: हरियाणा के लिए नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) की सीमाओं में कोई बदलाव नहीं होगा। करनाल, पानीपत, जींद, महेंद्रगढ़, भिवानी समेत राज्य के सभी 14 जिले NCR का हिस्सा बने रहेंगे। यह फैसला मंगलवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित NCR प्लानिंग बोर्ड की 42वीं बैठक में लिया गया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राजधानी क्षेत्र के दायरे में कोई कटौती नहीं की जाएगी। वर्तमान सीमा यथावत बनी रहेगी। पहले ऐसी अटकलें लग रही थीं कि हरियाणा के पांच जिलों को NCR से बाहर किया जा सकता है, जिससे राज्य की NCR में हिस्सेदारी काफी कम हो जाती। वर्तमान में हरियाणा के 23 जिलों में से 14 जिले NCR के अंतर्गत आते हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित पुनर्गठन से राजस्थान सबसे अधिक प्रभावित होता। यदि बदलाव होता तो राजस्थान से सिर्फ भिवाड़ी ही NCR में रह जाता। राजस्थान सरकार ने इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध किया था। माना जा रहा है कि राजस्थान के कड़े रुख ने इस फैसले को प्रभावित किया।
यदि प्रस्ताव लागू होता तो हरियाणा के करनाल, जींद, महेंद्रगढ़, भिवानी और चरखी दादरी जिले NCR से बाहर हो जाते। इससे इन जिलों में बुनियादी ढांचे के निवेश, भूमि उपयोग मंजूरियों और विकास फंड पर बुरा असर पड़ता।
ये भी देखे: हरियाणा CM नायब सैनी ने दिल्ली LG तन्नू से की मुलाकात, NCR और पानी के मुद्दे पर चर्चा