‘मेरा घर मेरा मान’ योजना के तहत विधायक कुलवंत सिंह ने लाल डोरा क्षेत्र की संपत्तियों के मालिकों को वितरित किए स्वामित्व कार्ड

by Manu
स्वामित्व कार्ड
  • स्वामित्व कार्ड संपत्ति अधिकारों की स्पष्ट पहचान और स्वामित्व के दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने में सहायक- कुलवंत सिंह

चंडीगढ़, 07 अक्टूबर 2026: ‘मेरा घर मेरा मान’ योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने आज लाल डोरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों के मालिकों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर मोहाली उप-मंडल में 42 संपत्ति मालिकों को स्वामित्व कार्ड प्रदान किए गए।

इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि पंजाब भर में आज मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 149 गांवों के निवासियों को करीब 16,000 स्वामित्व कार्ड सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि लाल डोरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों के संबंध में पहले स्वामित्व दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण लोगों को कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्वामित्व कार्ड इस संबंध में दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने में सहायक होंगे।

उन्होंने बताया कि स्वामित्व प्रमाण-पत्र में संपत्ति के स्वामित्व अधिकारों की स्पष्ट पहचान के लिए आवश्यक विवरण दर्ज किए गए हैं। इनमें देशांतर एवं अक्षांश, आच्छादित क्षेत्रफल, निर्मित क्षेत्रफल, खुले क्षेत्रफल तथा सर्वेक्षण इकाई का मानचित्र आदि शामिल हैं। इससे संपत्ति की स्थिति और स्वामित्व संबंधी अभिलेख को स्पष्ट एवं व्यवस्थित रूप से दर्ज करने में सहायता मिलेगी।

कुलवंत सिंह ने कहा कि पहले संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजी स्पष्टता न होने के कारण कई परिवारों में स्वामित्व अधिकारों को लेकर विवाद भी उत्पन्न होते थे। स्वामित्व कार्ड संपत्ति के अधिकारों संबंधी स्पष्ट दस्तावेजी रिकॉर्ड उपलब्ध करवाकर ऐसी कठिनाइयों को कम करने में सहायक होंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा जनकल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत सरकारी तथा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में प्रति परिवार प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का नकद रहित उपचार उपलब्ध करवाया जाता है।

उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना’ के तहत भी पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। स्वामित्व कार्ड प्राप्त करने वाले गांववासियों ने संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने के लिए सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एस.डी.एम. मोहाली श्रीमती दमनदीप कौर, तहसीलदार मोहाली गुरप्रीत सिंह ढिल्लों, आम आदमी पार्टी नेता कुलदीप सिंह समाना तथा संबंधित गांवों की पंचायतों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

ये भी देखे: MLA कुलवंत सिंह ने Autism सेंटर को दी 1 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता

You may also like