नोएडा, 16 मई 2026: नोएडा के थाना सेक्टर-63 के डी-ब्लॉक में शनिवार दोपहर दो कंपनियों में भयानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों कंपनियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सबसे पहले डी-140 स्थित ‘ईगल बिजनेस कॉरपोरेशन’ (गारमेंट कंपनी) में आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पड़ोस वाली डी-139 स्थित ‘शौर्य एक्सपोर्ट’ (बैग निर्माण कंपनी) भी आग की लपटों में घिर गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने के समय दोनों फैक्टरियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। कुछ लोग खुद बाहर निकल आए, जबकि बाकी को पुलिस और दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग को आसपास की अन्य कंपनियों में फैलने से रोक लिया।
ये भी देखे: ग्रेटर नोएडा में सैलरी बढ़ोतरी की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन, कई वाहनों में तोड़फोड़ के बाद लगाई आग