लखनऊ, 06 जुलाई 2026: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार दोपहर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के घर आम पार्टी की। देर शाम डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास पहुंचे और चाय पार्टी की।
योगी 9 साल में दूसरी बार केशव मौर्य के घर पहुंचे। इससे पहले, सीएम 22 जून 2021 को उनके घर गए थे। नितिन नवीन दोपहर 2 बजे लंच के लिए ब्रजेश पाठक के घर पहुंचे। साथ में सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी थे।
ब्रजेश पाठक ने मेहमानों का टीका लगाकर स्वागत किया और नितिन नवीन को बुके दिया। उनकी पत्नी नम्रता पाठक ने सीएम योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
लंच के दौरान नम्रता पाठक खुद खाना परोसती रहीं। लंच के बाद ब्रजेश पाठक खुद प्लेट में दशहरी आम लेकर आए। योगी, नितिन नवीन और पंकज चौधरी एक साथ बैठे, जबकि बगल में केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक बैठे। देसी अंदाज में चारपाई पर बैठकर सभी नेताओं ने आम खाए।
इसके बाद केशव मौर्य के आवास पर नितिन नवीन, बी.एल. संतोष, सीएम योगी और ब्रजेश पाठक पहुंचे। केशव मौर्य ने मेहमानों का स्वागत पंचशील के अंगवस्त्र पहनाकर किया और भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की।
इसके बाद सभी नेताओं ने चाय-नाश्ता किया। यहां राजस्थानी घेवर, दही बड़ा, टिक्की चाट, खमण ढोकला, मसाला डोसा और इडली-सांभर परोसा गया।
ये भी देखें: UP: 1.60 लाख से अधिक होमगार्ड और उनके परिजनों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज