पटना, 6 जून 2026: फैजल खान उर्फ खान सर पर दर्ज प्राथमिकी के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पटना पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई। अब खान सर खुद सरेंडर करने के लिए शनिवार दोपहर पटना सिविल कोर्ट पहुंच गए हैं। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।
शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक पटना पुलिस की टीम खान सर की कोचिंग के पास पहुंची थी, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र जुट गए। विधि-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक गिरफ्तार करने से परहेज किया। देर रात छात्रों की भीड़ कम होने के बावजूद खान सर ने सरेंडर नहीं किया और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की।
शनिवार सुबह खान सर के कोचिंग से जुड़े छात्रों को मैसेज आया था कि खान सर आज सुबह 10 से 11 बजे क्लास लेंगे। हालांकि उन्होंने क्लास नहीं ली और सीधे सरेंडर करने के लिए कोर्ट पहुंच गए।
पटना पुलिस ने छात्रों से फिर अपील की है कि वे किसी भी कोचिंग संचालक के बहकावे में न आएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने साफ किया है कि वह पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है।
ये भी देखे: पटना में खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस, गिरफ्तारी के लिए रेड