दिल्ली, 26 सितंबर 2026: दिल्ली सरकार ने मिशन ग्रीन दिल्ली के तहत 70 लाख पौधरोपण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि मेगा प्लांटेशन ड्राइव-2026 की शुरुआत 7 जुलाई को वन महोत्सव के दौरान हुई थी।
अभियान में सरकारी विभागों स्थानीय निकायों सार्वजनिक संस्थानों एनजीओ स्कूल-कॉलेज आरडब्ल्यूए और नागरिकों ने भागीदारी की। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से अभियान जनआंदोलन का रूप ले सका।
सीएम ने बताया कि मध्य रिज डीडीए रिज और दक्षिण रिज में कुल 24 लाख 94 हजार 505 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि रिज क्षेत्रों के हरित क्षेत्र मजबूत होने से जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में मदद मिलेगी।
पब्लिक स्लॉट बुकिंग के जरिए एक लाख 89 हजार 116 बुकिंग हुईं। इनमें एक लाख 47 हजार 95 नागरिकों ने भाग लेकर तीन लाख 56 हजार 986 पौधे लगाए। वृक्षरथ के जरिए 74 हजार 747 पौधे वितरित किए गए। 21 हजार 394 पौधरोपण हुए। सरकारी नर्सरियों से सात लाख 61 हजार 827 पौधे भी वितरित किए गए।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रत्येक पौधा स्वच्छ हवा हरियाली और बच्चों के स्वस्थ भविष्य में निवेश है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण पर भी रहेगा। सरकार ने नागरिकों से लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक संरक्षित करने की अपील की।
ये भी देखे: UP News: यूपी में एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर और निवेश को मिली नई रफ्तार