चंडीगढ़, 11 जून 2026: ऑस्ट्रेलिया ने भारत में जन्मे ऑलराउंडर निखिल चौधरी को पहली बार टी-20 टीम में चुना है। 30 वर्षीय निखिल बांग्लादेश के खिलाफ 17 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज में खेल सकते हैं।
ट्रैविस हेड को आराम दिए जाने के कारण निखिल को टीम में शामिल किया गया है।
पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके निखिल चौधरी साल 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। वहां उन्होंने ग्रेड क्रिकेट, तस्मानिया और होबार्ट हरिकेंस के लिए शानदार प्रदर्शन कर पहचान बनाई।
निखिल ने 2024-25 बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। हाल ही में उन्होंने शेफील्ड शील्ड में अपना पहला शतक लगाया और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट भी लिए।
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि निखिल लंबे समय से राष्ट्रीय टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में थे। सिलेक्शन पैनल उनके बिग बैश और घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन से काफी प्रभावित है।
निखिल के पास अभी ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता नहीं है, लेकिन आईसीसी के निवास संबंधी नियम पूरे करने के कारण वे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के पात्र हैं।
ये भी देखे: हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, फिटनेस टेस्ट के दौरान लगी चोट