चंडीगढ़, 30 मई 2026: GT बनाम RR रिजल्ट: गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। टीम अब तीसरी बार फाइनल में पहुंच गई है। 31 मई को अहमदाबाद में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में गुजरात का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
शुक्रवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन बनाए। गुजरात ने 18.4 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह IPL इतिहास में गुजरात का सबसे बड़ा सफल रन चेज है।
शुभमन गिल का शानदार शतक
गुजरात की जीत के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे। उन्होंने 53 गेंदों पर 104 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल थे। साई सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 167 रनों की जबरदस्त साझेदारी ने राजस्थान को शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया।
सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट विकेट आउट हुए, जबकि गिल को जोफ्रा आर्चर ने LBW कराया। वॉशिंगटन सुंदर ने 16 रन बनाए और राहुल तेवतिया ने 9 गेंदों पर नाबाद 17 रन की पारी खेलते हुए छक्का जड़कर मैच समाप्त किया। जोस बटलर 9 रन बनाकर नाबाद रहे।
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और ब्रिजेश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। यशस्वी जायसवाल पहले ओवर में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। रविंद्र जडेजा ने 45 रन बनाए जबकि डोनोवन फरेरा ने मात्र 11 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए।
ये भी देखे: क्वालिफायर-2 में आज GT बनाम RR, क्या RR को फाइनल में पहुंचा पाएंगे वैभव सूर्यवंशी ?