गुरुग्राम, 07 अक्टूबर 2026: गुरुग्राम में सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आज विकसित भारत संकल्प सभा – सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस समारोह में देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
यह विशाल कार्यक्रम महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान यानी लेजर वैली की पार्किंग में आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश और प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में इसके समापन पर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक विशेष मशाल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन में न केवल गुरुग्राम बल्कि पड़ोसी जिलों फरीदाबाद पलवल नूंह रेवाड़ी और झज्जर से भी भारी संख्या में जनभागीदारी देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने स्टेज मैनेजमेंट सुरक्षा प्रबंध पब्लिक मूवमेंट पार्किंग व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा की समीक्षा की।
डीसी उत्तम सिंह ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान अन्य जिलों से आने वाले प्रतिभागियों और आम जनता को प्रवेश व निकास के समय किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये भी देखे: सीएम योगी का गाजियाबाद दौरा, ‘विकसित भारत 2047’ कार्यक्रम में होंगे शामिल