BREAKING: बिहार ओपन स्कूलिंग डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों पर EOU की रेड, आय से अधिक प्रॉपर्टी बनाने का आरोप

by Manu
EOU PATNA

पटना, 20 अगस्त 2026: पटना में बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने दबिश दी है। आय से 90 प्रतिशत ज्यादा 3.43 करोड़ प्रॉपर्टी बनाने के मामले में EOU ने उनके पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की है।

EOU की 15 सदस्यीय टीम गुरुवार सुबह 8:30 खाजपुरा के आकाशवाणी रोड स्थित चंद्रतारा भवन पहुंची और छानबीन में जुट गई है। उनके ऑफिस के साथ-साथ बेगूसराय स्थित पैतृक आवास पर भी रेड है। EOU सूत्रों के मुताबिक अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के सबूत मिले हैं।

इसके आधार पर आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान EOU को अजय कुमार सिंह के खिलाफ कुल 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

मामले में विशेष न्यायालय निगरानी पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

ये भी देखे: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 40वीं राज्य स्तरीय समन्वय समिति (SLCC) की हुई बैठक

You may also like