मुहर्रम को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूर्वी चंपारण प्रशासन अलर्ट, 576 संवेदनशील स्थानों पर होगी तैनाती

by Manu
East Champaran Administration

मोतिहारी, 25 जून 2026: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसको लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी छह अनुमंडलों से शांति समिति के प्रतिनिधि, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों से मुहर्रम की तैयारियों और स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। शांति समिति के सदस्यों ने आश्वासन दिया कि पूर्वी चंपारण की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए पर्व को पूर्ण शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।

अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी ताजिया समितियों को ताजिया की ऊंचाई सीमित रखने और डीजे का उपयोग न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुहर्रम के दौरान जिले में कुल 576 संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इनमें मोतिहारी में 181, ढाका में 129, पकड़ीदयाल में 48, अरेराज में 59, चकिया में 105 और रक्सौल में 54 स्थान शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: मुहर्रम पर CM योगी का संदेश, कहा – मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं

You may also like