गोरखपुर में CM योगी बोले- 2014 के बाद दुश्मन की आंख में आंख डालकर जवाब देते हैं

by Manu
प्रशिक्षण वर्ग

गोरखपुर, 27 जून 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को भाजपा महानगर के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

सीएम योगी ने कहा कि 2014 से पहले दुश्मन देश हमारे सैनिकों के साथ क्रूरता करते थे। चोरी-छिपे उनके साथ अत्याचार हो जाते थे लेकिन सरकारें चुप रहती थीं। वे कहती थीं कि बोलना नहीं है कहीं संबंध खराब न हो जाएं। यानी देश की कीमत पर संबंध बनाने की चिंता रहती थी।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद स्थिति बदल गई है। अब दुश्मन की आंख में आंख डालकर जवाब देने की सामर्थ्य आ गई है। अगर दुश्मन भारत की सीमा पर अतिक्रमण करता है या जवानों पर चोरी-छिपे हमला करता है तो एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक से कोई नहीं रोक सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के सामने अपनी सख्ती और सामर्थ्य का परिचय दिया है। आज भारतीय सीमाओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित है।

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि आज नक्सलवाद मुश्किल से एक-दो जिलों तक सीमित रह गया है। वह भी जल्द ही पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। कश्मीर में आतंकवाद खत्म हो चुका है। पूर्वोत्तर का उग्रवाद भी समाप्त हो गया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षा नहीं होगी तो विकास कैसे होगा। सुरक्षा के मजबूत माहौल के कारण ही देश में विकास के बड़े कार्य हो पा रहे हैं। जिस देश का इंफ्रास्ट्रक्चर जितना मजबूत होगा, वह देश उतनी ही तेजी से आगे बढ़ेगा।

सीएम योगी ने अंत्योदय पर जोर देते हुए कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने स्वतंत्र भारत में सरकारों से आह्वान किया था कि आर्थिक उन्नति का आधार सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति को बनाना चाहिए। उन्हीं को ध्यान में रखकर देश की नीतियां बनाई जानी चाहिए।

ये भी देखें: गोरखपुर में जनता दर्शन, CM योगी ने 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए

You may also like