गोरखपुर में जनता दर्शन, CM योगी ने 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए

by Manu
Janata Darshan

गोरखपुर, 26 जून 2026: तीन दिवसीय गोरखपुर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह जनता दर्शन के दौरान 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की हर शिकायत का जल्द समाधान किया जाए।

सीएम योगी ने कहा कि थाना और तहसील स्तर पर ही समस्याओं का निस्तारण करने का प्रयास हो। लोगों की शिकायतों को संवेदनशीलता से लिया जाए और ऐसा निराकरण किया जाए जिससे फरियादी पूरी तरह संतुष्ट हो सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर समस्या का समाधान कराएगी।

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। कुशीनगर की एक महिला ने जमीन पर कब्जा न मिलने की शिकायत की। सीएम योगी ने कमिश्नर को तुरंत निर्देश दिया कि उसे जमीन पर कब्जा दिलाया जाए।

एक अन्य महिला अपने कार्यस्थल के विवाद को लेकर आई थी। मुख्यमंत्री ने इसकी जांच कराने के आदेश दिए। योगी आदित्यनाथ एक-एक कर हर फरियादी के पास गए। उन्होंने उनके आवेदन लेकर पास खड़े अधिकारियों को सौंपे और गंभीरता से समाधान करने को कहा।

ये भी देखें: जनता दर्शन: लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों की सुनी पीड़ा, समाधान का दिया भरोसा

You may also like