बांदा को सीएम योगी की 710 करोड़ की सौगात, 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

by Manu
बांदा को सीएम योगी की 710 करोड़ की सौगात

बांदा, 10 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बांदा जिले को 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर 109 परियोजनाओं का लोकार्पण और 120 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बांदा-कमासिन-राजापुर फोरलेन मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। परियोजना पूरी होने पर बांदा, कमासिन और चित्रकूट के राजापुर क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम और सुरक्षित हो जाएगा। इससे व्यापार, कृषि, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बांदा-बबेरू-तिंदवारी-सुमेरपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का भी शिलान्यास किया गया। इस मार्ग के विकसित होने से हमीरपुर की ओर यातायात बेहतर और तेज होगा।

राजकीय हाईस्कूल अमलीकौर के उच्चीकरण और राजकीय हाईस्कूल इंगुआ के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। साथ ही राजकीय आईटीआई बांदा में आधुनिक कार्यशाला और प्रशिक्षण कक्ष का निर्माण होगा, जिससे जिले के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे।

बड़ोखर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की जाएगी। इससे जांच सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

ये भी देखे: चित्रकूट में सीएम योगी ने की कामदगिरि की परिक्रमा, 5 किमी पैदल चले

You may also like