फरीदाबाद, 30 मई 2026: हरियाणा के फरीदाबाद में विकास कार्यों के लिए नगर निगम ने एक शिव मंदिर और एक मस्जिद समेत कई अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया है। एलिवेटेड रोड और RRTS कॉरिडोर बनाने के लिए यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए NIT क्षेत्र में करीब 21 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई। फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कई सड़कें बंद कर दीं और गुरुग्राम जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पूरे दिन जारी रह सकती है।
नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद मस्जिद के टूटने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद आफताब अहमद बैरिकेड के पास ही धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद वे वहां से उठ गए।
आफताब अहमद ने कहा कि यह विकास नहीं, विनाश है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के दो बजे मस्जिद को तोड़ना पूरी तरह गैरकानूनी है। यह सरकार की तानाशाही है और मानवता के खिलाफ काम है।
ये भी देखे: फर्रुखनगर में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, कुख्यात अपराधी रजत का होटल ध्वस्त