पटना, 07 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार में बिपार्ड, पटना को बिहार में तीसरा ISO 9001:2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। ISO प्रमाणीकरण करने वाली संस्था के पदाधिकारी तरूण स्वरूप ने बिपार्ड के महानिदेशक डॉ० बी० राजेन्दर को ISO 9001:2015 प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
बिपार्ड, गया और सामान्य प्रशासन विभाग को आई०एस०ओ० प्रमाण-पत्र पहले प्रदान किया जा चुका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिपार्ड (बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान) को ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र मिलने पर संस्थान के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि यह सर्टिफिकेट संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, पारदर्शिता तथा उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण है। हम सभी के लिये यह गर्व और खुशी का अवसर है। बिपार्ड को अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्थायें विश्वस्तरीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य कर रही हैं। यह संस्थान बिहार के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि बिपार्ड में वर्ष भर नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण की व्यवस्था संचालित रहती है। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है तथा सुशासन को और मजबूती मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को सुशासन, गुणवत्ता, पारदर्शिता, उतरदायित्व और उत्कृष्ट लोक सेवा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करेंगे।
भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बिपार्ड, गया और पटना में प्रशिक्षण क्षमता का और विस्तार किया जाय। नवीन तकनीकों, आधुनिक प्रबंधन पद्धतियों तथा प्रशासनिक नवाचारों को शामिल करते हुए संस्थान की कार्यक्षमता को निरंतर सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधनों, मानवबल तथा पाठ्यक्रमों को सुदृढ़ करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करते रहें ताकि दोनों संस्थान राज्य में क्षमता निर्माण एवं सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो सकें।
ये भी देखें: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिये निर्देश