मुरादाबाद, 30 जून 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दानवीर भामाशाह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण भारत के इतिहास में राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर स्वाभिमान और स्वतंत्रता की लड़ाई को नई शक्ति प्रदान की।
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत पीतलनगरी मुरादाबाद, गुरु जंभेश्वर की पावन साधना स्थली और भारत की आजादी के क्रांतिकारियों की धरती को नमन करते हुए की। उन्होंने दानवीर भामाशाह जयंती और व्यापारी कल्याण दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुरादाबाद दौरे के दौरान उन्हें सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने का अवसर मिला। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर इन परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भामाशाह का जीवन इस बात का प्रमाण है कि समाज का एक व्यक्ति भी राष्ट्र की सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने हल्दीघाटी युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि युद्ध के बाद जब महाराणा प्रताप को कठिन परिस्थितियों में जंगलों में संघर्ष करना पड़ा, तब भामाशाह अपनी पूरी संपत्ति लेकर उनके पास पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भामाशाह द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग से महाराणा प्रताप ने वर्षों तक अपनी सेना का संचालन किया और मुगल बादशाह अकबर के सामने संघर्ष जारी रखा।
ये भी देखें: मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का सीएम योगी ने किया निरीक्षण, गोद में लेकर बच्ची को दुलारा