ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबर 2026: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो यानी यूपीआईटीएस के चौथे संस्करण का आगाज शुक्रवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा। गृहमंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ रहेंगे।
88 देशों के राजदूत और 250 विदेशी खरीदार इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 29 सितंबर को ट्रेड शो के समापन समारोह में शिरकत करेंगे।
बृहस्पतिवार को प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस प्रदेश के उद्यमियों निर्माताओं और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ेगा। उद्घाटन समारोह सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान एक्सपो मार्ट में प्रशासन की तरफ से जारी प्रवेश पत्र पर ही एंट्री मिलेगी। गृहमंत्री सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे।
पुलिस और यातायात विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पूरी कर ली है। 1500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के आगमन के दौरान नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास 13 मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।
29 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक एक्सपो मार्ट और आसपास के मार्गों पर भारी मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को यमुना एक्सप्रेसवे ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे एनएच-24 और एनएच-91 समेत निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से गौतमबुद्धनगर में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों पर भी रोक रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
ये भी देखें: सीएम योगी ने लखनऊ में भारत टैक्सी लॉन्च की, मुख्यमंत्री ने की कैब में सवारी