अफगानिस्तान के गेंदबाज शपूर जादरान का 38 की उम्र में निधन, भारत में चल रहा था इलाज

by Manu
शपूर जादरान

चंडीगढ़, 07 जुलाई 2026: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शपूर जादरान का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को भारत में निधन हो गया। वे अपने 39वें जन्मदिन से सिर्फ एक दिन पहले इस दुनिया से चले गए।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी और गहरे शोक का इजहार किया। जादरान ‘हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस’ (HLH) नामक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। यह इम्यून सिस्टम की एक खतरनाक बीमारी है जो शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचाती है।

पिछले कुछ महीनों से शपूर जादरान दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। वे पिछले साल अक्टूबर में पहली बार बीमार पड़े थे। अफगानिस्तान के डॉक्टरों की सलाह पर वे भारत आए थे। शुरुआती इलाज से उन्हें कुछ राहत मिली और अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद उनकी हालत फिर बिगड़ गई।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शपूर जादरान का योगदान और उपलब्धियां हमेशा अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास में याद रखी जाएंगी।

जादरान अफगानिस्तान के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शुमार थे। उन्होंने वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया। अपनी तेज और घातक गेंदबाजी के लिए मशहूर जादरान ने अफगानिस्तान क्रिकेट को विश्व पटल पर मजबूती से स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। वे उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिनकी मेहनत से आज अफगान टीम विश्व क्रिकेट की मजबूत टीमों को कड़ी टक्कर दे पाती है।

ये भी देखे: तमिल सिनेमा के दिग्गज के. भाग्यराज का निधन, 73 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ा

You may also like