चंडीगढ़, 18 नवंबर 2026: भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहले नंबर पर बने हुए हैं। इस बीच पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को नुकसान हुआ है। वे अब एक पायदान नीचे आ गए हैं। टॉप 10 में जबरदस्त उठापटक देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में और भी वनडे मुकाबले होने हैं। इसके बाद फिर से बदलाव होंगे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक एक दिन पहले आईसीसी की ओर से वनडे की नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में वनडे सीरीज खेली गई थी। इसके समाप्त होने के बाद ये रैंकिंग जारी हुई है।
उस सीरीज के आखिरी दो मैच कप्तान शुभमन गिल ने मिस किए थे। इसके बाद भी उनका पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा बना हुआ है। उनकी रेटिंग 806 की चल रही है। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 778 की रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली अभी भी नंबर तीन पर हैं। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में वे केवल एक ही अर्धशतकीय पारी खेल पाए थे। इसके बाद उनकी रेटिंग 757 की है। अब अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान एक स्थान के फायदे के साथ नंबर चार पर आ गए हैं। उनकी रेटिंग 752 की है।
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ है। उनका भी बल्ला वनडे सीरीज के दौरान नहीं चला था। दो बार तो वे बिना खाता खोले शून्य पर आउट हो गए थे। उनकी रेटिंग अब 732 की हो गई है। वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप भी एक स्थान के फायदे के साथ नंबर 6 पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के बेन डकेट 699 की रेटिंग के साथ और एक स्थान के नुकसान से नंबर 7 पर चले गए हैं।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया