कोलकाता एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 को हाईजैक करने की धमकी, मचा हड़कंप!

by Manu
एयर इंडिया फ्लाइट

कोलकाता, 11 नवंबर 2026: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान के शौचालय में हाईजैक से संबंधित धमकी भरा संदेश लिखा मिला।

विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान शौचालय पर लिखे धमकी भरे संदेश पर नजर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट कर दिया। इससे कोई भी खतरा पैदा होने से पहले ही उसे टाल दिया गया।

इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। विमान के अंदर किसी भी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी का पता लगाने के लिए चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है। लेकिन अभी तक संदिग्ध कुछ नहीं मिला।

शौचालय पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है इसकी जांच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू कर दी है। विमान में सवार यात्रियों की सूची के साथ एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like