चंडीगढ़, 10 नवंबर 2026: सीमा सुरक्षा बल की 78 बटालियन के कॉन्स्टेबल शिवदयाल छह नवंबर को ड्यूटी के दौरान हुए हृदयाघात से बलिदान हो गए। वे बंगाल के गोपालपुर न्यू कूच बिहार बांग्लादेश बॉर्डर पर तैनात थे।
दीपावली के दिन तिरंगे में उनके पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर अमृतसर लाया गया। यहां से बीएसएफ के वाहन से मोहल्ला सैली कुल्लियां स्थित उनके निवास स्थान लाया गया। यहां लोगों ने अंतिम विदाई दी। फिर चक्की पुल के नजदीक बने श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सात वर्षीय बेटी ने मुखाग्नि दी। पत्नी रमन ने नम आंखों से बताया कि पांच नवंबर को रात 11 बजे उनके पति ने बार्डर पर गश्त के दौरान वीडियो कॉल कर मां व बच्चों से बात कर परिवार का हाल जाना था।
अगली सुबह छह बजे आई उनके बलिदान की खबर हमारी दुनिया उजाड़ दी। पिता का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो सात वर्षीय बेटी शवन्या व चार साल की बेटी शहनाया एकटक निहारती रहीं।
वह शायद इस बात से अंजान थी कि उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। जब इन दोनों बेटियों व मां ने सैल्यूट किया तो भारत माता की जय का जयघोष होने लगा।
बलिदानी की बेटी शवन्या ने अपने नन्हें हाथों से अपने पिता की चिता को मुखाग्नि भेंट की। कॉन्स्टेबल शिवदयाल के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। क्योंकि वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया