मुंबई, 09 नवंबर 2026: महाराष्ट्र के मुंबई में पटाखों से आग लगने की लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बीएमसी ने बड़ा फैसला लिया है। मुंबई में अब 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले एरियल पटाखे जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। बीएमसी कमिश्नर प्राजक्ता लवंगारे-वर्मा ने अर्बन डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की अध्यक्ष प्रभारी के तौर पर यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश 9 नवंबर से तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
यह प्रतिबंध बीएमसी की सीमा के भीतर सार्वजनिक और निजी दोनों तरह की जगहों पर लागू होगा। इसमें रिहायशी इमारतों की छतें बालकनी आंगन पार्किंग एरिया झुग्गी-बस्तियां और अन्य सभी परिसर शामिल हैं। यानी निजी घरों की छतों और बालकनी में भी रॉकेट या इसी तरह के आसमानी पटाखे नहीं जलाए जा सकेंगे।
बीएमसी ने यह फैसला पटाखों से आग लगने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी के बाद लिया है। 8 नवंबर को मुंबई फायर ब्रिगेड को आग लगने की 142 कॉल मिली थीं। इनमें से 137 घटनाएं पटाखों से जुड़ी बताई गई हैं। डोंगरी और विद्याविहार समेत शहर के कई इलाकों में आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आईं।
प्रशासन के मुताबिक रॉकेट और आसमान में उड़ने वाले पटाखों के जलते हुए अवशेष इमारतों की छतों बालकनी खिड़कियों और ज्वलनशील सामान पर गिर सकते हैं। जिससे आग लगने का खतरा रहता है। मुंबई की घनी आबादी ऊंची इमारतों और संकरी बस्तियों को देखते हुए यह खतरा और गंभीर हो सकता है।
बीएमसी ने डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 की धारा 41(A) 26(2) 30 और 34(M) के तहत यह आदेश जारी किया है। प्रतिबंध को लागू कराने की जिम्मेदारी पुलिस के जोनल डिप्टी कमिश्नर बीएमसी के विभागीय असिस्टेंट कमिश्नर और फायर ब्रिगेड को सौंपी गई है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया