दलेर मेहंदी विवाद पर सीएम पुष्कर धामी ने मीका सिंह से फोन पर की बात, देखें क्या बोले मुख्यमंत्री धामी?

by Manu
Daler Mehndi controversy

चंडीगढ़, 22 अक्टूबर 2026: उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल ने सिंगर दलेर मेहंदी पर आपा खो दिया। दलेर मेहंदी रविवार को उत्तराखंड के नयी टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री उनियाल मंच पर आए और उनसे ऊंची आवाज में पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। दलेर मेहंदी के भाई सिंगर मीका सिंह और कई अन्य लोगों ने मंत्री उनियाल से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, अब इस पूरे विवाद पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान भी सामने आ गया है।

दलेर मेहंदी से जुड़े इस पूरे विवाद पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान कहा- “मंत्री जी ने खुद कल बताया कि उन्हें उनके (दलेर मेहंदी) की खराब तबीयत के बारे में जानकारी नहीं थी। मंत्री जी ने खुद आगे आकर इस मामले पर अपनी बात रखी है। ये सभी जाने-माने कलाकार हैं। उत्तराखंड की भूमि लेखकों, कलाकारों और विद्वानों का सम्मान करती है। उस समय लोगों के दबाव के कारण जो स्थिति बनी, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि चूंकि मंत्री जी ने खुद बयान जारी कर दिया है और स्पष्ट कर दिया है कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था, इसलिए अब सभी को इस मामले को यहीं खत्म करना चाहिए।”

सीएम धामी के इस बयान के बाद सिंगर दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने भी बयान जारी किया है। मीका सिंह ने कहा- “आजकल स्कूलों में भी बच्चों को डांटने-फटकारने को लेकर इतनी सावधानी बरती जाती है, लेकिन उत्तराखंड में आपके मंत्री जी ने दलेर मेहंदी जी को मंच पर बुलाकर जिस तरह इतनी रूडली बात की, क्या यह सही है? यह कहां का इंसाफ है? पुष्कर धामी जी, हम सब आपकी इज़्ज़त करते हैं और उत्तराखंड से बहुत प्यार करते हैं। लेकिन किसी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल सही नहीं है। दलेर जी अपनी कमिटमेंट निभाने आए थे और उन्होंने पूरे 1 घंटा 30 मिनट परफॉर्म किया। जहां तक मुझे जानकारी है, इस कार्यक्रम के लिए सुनंदा शर्मा जी को भी बुक किया गया था, लेकिन शायद किसी वजह से वह नहीं आ पाईं। दलेर जी ने अपनी जिम्मेदारी निभाई और दर्शकों का मनोरंजन किया।”

ये भी देखें: पंजाब में ड्रग्स की समस्या पर राजनीति करने से पहले भाजपा सत्ता में अपने दस साल का हिसाब दे- बलतेज पन्नू

You may also like