अभिजीत दीपके और नेहा बोरा हिरासत में, कनॉट प्लेस में कड़ी सुरक्षा

by Manu
नेहा बोरा

चंडीगढ़, 16 अक्टूबर 2026: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा एआईएसए की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी डिटेन कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार की शाम ये कार्रवाई की है। सीजेपी के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद अभिजीत दीपके ने दिल्ली के कनॉट प्लेस पर स्थित सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि शुक्रवार को होने वाले इस प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया है। सामने आई जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस ने दीपके को प्रिवेंटिव कस्टडी में लिया है। उन्हें सेंट्रल पार्क जाने के दौरान हिरासत में लिया गया। इसके अलावा नेहा बोरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया है।

अभिजीत दीपके के घर जाकर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दो नोटिस दिया था। एक नोटिस नई दिल्ली की तरफ से दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत दिया गया है। जिसमें बताया गया है कि वह सेंट्रल पार्क न आएं। वहां बीएनएस की धारा 163 लागू है। दूसरा नोटिस साउथ वेस्ट दिल्ली पुलिस की तरफ से दिया गया था। जिसमें अभिजीत को बताया गया है कि अभिजीत आशुतोष और सौरव को बाउंड डाउन किया गया था जब एयरपोर्ट से एहतियातन हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया था। और कोर्ट ने एक साल तक अशांति नहीं फैलाने को बोला था।

दिल्ली पुलिस शुक्रवार को पूरी तरह से तैयार है। कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क के साथ साथ पूरे सेंट्रल दिल्ली की किलेबंदी कर दी गई है। इस पूरे इलाके में दिल्ली पुलिस के 6000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। सीएपीएफ की 220 कंपनियां पूरी तरह से रेडी हैं। सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास 10 से ज्यादा नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कनॉट प्लेस राजीव चौक सेंट्रल पार्क जंतर-मंतर पालिका बाजार समेत दिल्ली के अहम इलाकों में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स पूरी तरह से मुस्तैद है। वहीं सेंट्रल पार्क के अंदर सात लेयर की सिक्योरिटी की गई है। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है।

ये भी देखे: पंजाब में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत, 371 एम्बुलेंस का नेटवर्क, 108 और 112 पर मिलेगी निःशुल्क सेवा

You may also like