चंडीगढ़, 13 अक्टूबर 2026: दुबई से तेल अवीव जाने वाले विमान में पायलट पर हमला करने के मामले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यूएई पुलिस ने फ्लाईदुबई के लिए काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी ओमान के एक को-पायलट अल-हम्मामी द्वारा दुबई-तेल अवीव फ्लाइट को हाईजैक और क्रैश करने की कथित कोशिश के सिलसिले में की गई है। इस घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार उस संदिग्ध साजिश को नाकाम करते हुए घायल हो गए थे।
मालदीव के न्यूज पोर्टल अधाधु की रिपोर्ट के अनुसार इन दोनों पायलटों को तीन अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था। संयुक्त अरब अमीरात में मालदीव के दूतावास ने उनके परिवारों को उनकी हिरासत के बारे में औपचारिक रूप से सूचित कर दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मालदीव के अधिकारियों ने इन दो पायलटों की हिरासत पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। हिरासत में लिए गए मालदीव के पायलटों पर लगे आरोपों या उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की स्थिति के बारे में यूएई अधिकारियों ने भी अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
ये गिरफ्तारियां तब हुईं जब यूएई के अधिकारियों ने 30 सितंबर की घटना की जांच का दायरा बढ़ाया। इस घटना में फ्लाईदुबई के को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी शामिल थे जो ओमान के नागरिक हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने विमान पर कब्जा करने और आतंकवादी हमला करने की कथित कोशिश में फ्लाइट के पायलट मच्छार पर हमला किया था।
माले स्थित मिहारू अखबार के अनुसार माना जाता है कि ये दोनों पुरुष पायलट अपने काम की जगह पर अल-हम्मामी के संपर्क में थे। उसी इमारत में रहते थे जहां वह रहता था। हालांकि अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर इस घटना से उनके कथित संबंधों की प्रकृति या उनके खिलाफ सबूतों का विवरण उजागर नहीं किया है।
न्यूज पोर्टल एडिशन.एमवी की रिपोर्ट के अनुसार ये दोनों फ्लाईदुबई के लिए पायलट के तौर पर काम करने वाले मालदीव के छह नागरिकों में शामिल हैं। बताया जाता है कि वे मालदीव से एयरलाइन में सबसे हाल ही में भर्ती हुए पायलट हैं। फ्लाइट एफजेड1073 जिसमें 174 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे दुबई से तेल अवीव जा रही थी तभी यह कथित हमला हुआ।
ये भी देखे: दुबई-तेल अवीव फ्लाइट से हाइजैक अलर्ट, इजराइल ने फाइटर जेट भेजा