वाराणसी, 07 अक्टूबर 2026: वाराणसी में बुधवार को पीएम मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का समापन होगा। गुजरात के वडनगर से निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा मंगलवार शाम ही काशी पहुंच चुकी है। करीब 500 बाइक यात्री शहर के मैदागिन से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर वडनगर की नदियों और गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
इसके बाद शहर से करीब 10 किमी दूर रोहनिया इलाके में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा होगी। यहां 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहेंगे। काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की यह पहली जनसभा होगी।
बाइक सेवा यात्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में सुबह नौ बजे बस से पहुंचेंगे। वहां सभागार में उनके स्वागत-अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
बाइक यात्रियों का तिलक अंगवस्त्र पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 से 11 बजे के बीच पीएम मोदी के लाइव संबोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद सभी बाइक यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे। यहां से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर जलाभिषेक करने जाएंगे।
ये भी देखें: पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन, बिहार में सेवा संकल्प अभियान शुरू, जलाए जाएंगे 21 लाख दीए