पटना, 12 सितंबर 2026: पटना यूनिवर्सिटी में आज सिंडिकेट की बैठक है। इस बैठक में कुलपति कुलसचिव समेत सिंडिकेट के सभी सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में पीजी कोर्स में बदलाव समेत कई प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
बैठक में एकेडमिक काउंसिल की ओर से स्वीकृत कई प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें मंजूरी दी जाएगी। इस संबंध में कुलसचिव कार्यालय की ओर से विस्तृत एजेंडा जारी किया गया है।
एकेडमिक काउंसिल ने पीजी कोर्स में इंडियन नॉलेज सिस्टम को शामिल करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के लिए बैचलर इन ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है। अब सिंडिकेट की बैठक में इन फैसलों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
सिंडिकेट की बैठक में बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की अनुशंसा पर पर्यावरण विज्ञान विषय के सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के अनुमोदन का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसके अलावा पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की पुष्टि की जाएगी।
बैठक में शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े सेवा संबंधी मामलों पर भी विचार होगा। मगध महिला कॉलेज के अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. खुशबू के लियन अवैतनिक अवकाश की स्वीकृति का मामला एजेंडा में शामिल है। वहीं यूडीसी मो. तहसीन अख्तर के तकनीकी त्यागपत्र के कार्योत्तर अनुमोदन पर भी चर्चा की जाएगी।
ये भी देखे: सीएम सम्राट चौधरी ने 551 मॉडल स्कूलों का किया उद्घाटन, दिनकर यूनिवर्सिटी और मरीन ड्राइव की घोषणा