चंडीगढ़, 29 अक्टूबर 2026: पंजाब में हुए हैंड ग्रेनेड हमले की जांच करते हुए पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए कुलवंत अली पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े होने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक वह 13 सितंबर 2026 को फाजिल्का जिले के जलालाबाद में हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में वांटेड था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और कथित नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं।
पुलिस जांच के अनुसार कुलवंत अली पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला है। जलालाबाद में हुए हैंड ग्रेनेड हमले के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। जांच के दौरान जुटाए गए इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने फरीदाबाद में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले की साजिश में उसकी कथित भूमिका क्या थी और वारदात को अंजाम देने में किन लोगों ने उसकी मदद की।
कुलवंत अली की गिरफ्तारी को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उसका नाम राजस्थान के श्रीगंगानगर में आठ किलोग्राम आरडीएक्स बरामद होने के मामले में भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में भी वह वांछित बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि इन मामलों में उसकी भूमिका और कथित आतंकी संबंधों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ये भी देखे: सीजफायर के बाद भी ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, कहा – नागरिक तुरंत देश छोड़ें