चंडीगढ़, 29 अक्टूबर 2026: न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी दो मैचों से बाहर हो गए हैं। उनके दाएं पैर की पिंडली में चोट लगी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को बताया कि मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया है। सीरीज का चौथा मैच शुक्रवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा।
फर्ग्यूसन को यह चोट 24 अक्टूबर को दूसरे मैच के दौरान लगी थी। स्कैन में मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई है। उन्हें वापसी में करीब एक सप्ताह और लग सकता है। तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। दूसरे मैच के दौरान उनके दाएं जांघ के अगले हिस्से में दर्द हुआ था। उन्हें ठीक होने में एक से दो सप्ताह लग सकते हैं।
हेनरी को पहले से तय वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आगामी वनडे सीरीज के लिए ब्लैककैप्स में लौटना था। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि वह अब भी तय कार्यक्रम के अनुसार वापसी कर सकते हैं।
ये भी देखे: अभिषेक शर्मा बने दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज, ईशान किशन पहले से तीसरे पर आए