पटना, 11 सितंबर 2026: सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने आज अपने कार्यालय से बिहार राज्य फसल सहायता योजना के अंतर्गत खरीफ 2024 मौसम के 1,17,708 लाभुक किसानों के बैंक खातों में 104 करोड़ 46 लाख 46 हजार 405 रुपये की सहायता राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया।
इस अवसर पर मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि खरीफ 2024 मौसम के आवेदनों के सत्यापन के बाद आज 714 पंचायतों के कुल 1,17,708 पात्र किसानों को सहायता राशि भेजी जा रही है। साथ ही 9 चयनित किसानों को सांकेतिक रूप से चेक भी प्रदान किए गए।
मंत्री ने कहा कि बिहार राज्य फसल सहायता योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी और किसान हितैषी योजनाओं में से एक है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल की उपज में कमी होने पर किसानों को आर्थिक सहायता देना है। यह योजना पूरी तरह निःशुल्क है। किसानों को किसी प्रकार का प्रीमियम नहीं चुकाना पड़ता। फसल क्षति की स्थिति में मिलने वाली सहायता किसानों को आर्थिक कठिनाइयों से उबरने और अगली फसल के लिए कृषि कार्य जारी रखने में मदद करती है।
वर्तमान में बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए इस योजना की भूमिका महत्वपूर्ण है। खरीफ 2026 में फसल क्षति से प्रभावित किसानों को भी इसका लाभ दिया जाएगा। सभी पात्र किसानों से अपील है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 31 अक्टूबर तक अपना आवेदन अवश्य करें।
योजना के अंतर्गत थ्रेसहोल्ड उपज की तुलना में वास्तविक उपज mon 20 प्रतिशत तक की क्षति होने पर 7,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम 2 हेक्टेयर के लिए 15,000 रुपये दिए जाते हैं। 20 प्रतिशत से अधिक क्षति होने पर 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम 2 हेक्टेयर के लिए 20,000 रुपये तक की सहायता मिलती है। राशि लाभुक किसानों के आधार-संबद्ध बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है।
यह योजना पूर्णतः राज्य सरकार की निधि से संचालित होती है। खरीफ 2024 मौसम के लिए धान एवं मकई को पंचायतस्तरीय फसल तथा सोयाबीन, आलू, बैंगन, टमाटर एवं गोभी को जिलास्तरीय फसल के रूप में अधिसूचित किया गया है।
रबी 2024-25 मौसम में उपज दर के आंकड़ों के आधार पर योग्य ग्राम पंचायतों के आवेदक किसानों के आंकड़ों का सत्यापन जिला स्तरीय समन्वय समिति द्वारा कराया जा रहा है। सत्यापन के बाद पात्र पाए गए किसानों को भी शीघ्र सहायता राशि का भुगतान किया जाएगा।
ये भी देखें: बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक