पटना, 11 सितंबर 2026: बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
इस बैठक में राज्य के विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी, जिसके तहत राज्य के प्रत्येक घर तथा हर जिले के कम-से-कम 10 प्रमुख व प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। इसके लिए जीविका, नगर निकायों और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों तक दीया पहुँचाया जाएगा। वहीं, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसके साथ ही अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का भी आयोजन किया जाएगा।
जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योजनाओं पर आधारित 18-20 नाट्य टोलियाँ गठित की जाएँगी, जो स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी और 2 अक्टूबर को विशेष मंचन करेंगी। इसके साथ ही 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होगा, जिसमें आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद और बच्चों की मनोरंजक गतिविधियों के साथ-साथ पोषण व स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को उजागर करने के लिए ‘कहानी बदलाव की’ घटक के अंतर्गत वास्तविक रील्स व लघु वीडियो का संकलन कर जिला और राज्य स्तरीय डिजिटल डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से राज्य व जिलों में पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएँगी, जिनमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक भाग लेंगे और समापन पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
ये भी देखें: गोरखपुर में सीएम योगी ने युवाओं से कहा- नौकरी नहीं, इनोवेटर और एंटरप्रेन्योर बनें