गोरखपुर में सीएम योगी ने युवाओं से कहा- नौकरी नहीं, इनोवेटर और एंटरप्रेन्योर बनें

by Manu
लखनऊ डिफेंस कॉरिडोर

गोरखपुर, 29 अगस्त 2026: सीएम योगी शुक्रवार दोपहर दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (MGUG) के पंचम स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं को सिर्फ नौकरी के लिए नहीं बल्कि बदलती दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार होने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि विद्यार्थी केवल एग्जाम पास करने तक सीमित न रहें बल्कि रियल वर्ल्ड की समस्याओं को समझकर उनका समाधान निकालने वाले इनोवेटर और एंटरप्रेन्योर बनें।

योगी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान देने वाली संस्थाएं नहीं बल्कि समाज और देश के विकास की प्रयोगशाला बनें। यहां पैदा होने वाला नॉलेज क्लासरूम की चारदीवारी से निकलकर किसानों, उद्योगों और समाज तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने आप में केवल टापू बनकर न रहें बल्कि समाज की जरूरतों को पूरा करने में अपनी पूरी ताकत लगाएं।

सीएम ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर पंचम स्थापना दिवस समारोह श्रद्धा को विश्वास, विश्वास को आत्मनिर्भरता और आत्मनिर्भरता को विकास से जोड़ने की महत्वपूर्ण कड़ी है। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय का लोकार्पण पांच साल पहले तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया था।

उन्होंने गोरक्षपीठ की शिक्षा परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1932 में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की स्थापना कर एक बीज रोपा गया था। उस समय गोरखपुर में आवागमन की सुविधाएं बेहद सीमित थीं। आज सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी बेहतर हो चुकी है और गोरखपुर से लखनऊ की यात्रा साढ़े तीन घंटे में पूरी की जा सकती है।

योगी ने कहा कि गोरक्षपीठ की आचार्य परंपरा ने भारत की ऋषि परंपरा की तर्ज पर समाज को आगे बढ़ाने का काम किया। समाज की जरूरतें केवल सरकार को कोसने से पूरी नहीं होतीं बल्कि अपने संसाधनों का उपयोग कर भी विकास किया जा सकता है।

ये भी देखें: जनता दर्शन में बोले सीएम योगी – भू-माफिया पर कसेंगे नकेल, 200 लोगों की समस्याएं सुनीं

You may also like