प्रयागराज, 29 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज क्षेत्र में एक मकान के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए तीन ड्रमों से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के मामले में जांच तेज हो गई है। गुरुवार शाम आयकर विभाग की छह सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और बरामद नोटों की गिनती शुरू करने की प्रक्रिया में जुट गई।
मामला बरईपुर रामनगर गांव का है। पुलिस ने बुधवार देर शाम सूचना मिलने के बाद एक मकान की तलाशी ली थी। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर दबे तीन ड्रम मिले, जिनमें 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। शुरुआती जानकारी में रकम करोड़ों रुपये होने की बात सामने आई है।
रकम का स्रोत पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने बरामद नकदी और ड्रमों को कब्जे में लेकर मकान को सील कर दिया है। मामले में राजेश यादव और उसके भाई राकेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और उसे जमीन के अंदर छिपाकर क्यों रखा गया था।
60 करोड़ रुपये होने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
मामले में करीब 60 करोड़ रुपये बरामद होने की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस और आयकर विभाग ने इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों के अनुसार, नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद नकदी की सही मात्रा स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने यह भी कहा है कि शुरुआती पूछताछ में किसी साइबर अपराध या अन्य बड़ी आपराधिक गतिविधि में आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल नकदी के स्रोत और पूरे मामले की जांच जारी है।
यूपी में सरकारी नौकरी के लिए चरित्र सत्यापन सख्त, हिंसा में शामिल युवाओं को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी