Bihar: 1.21 लाख से अधिक बसावटें पक्की ग्रामीण सड़कों से जुड़ीं, 1.20 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण पूरा

by Manu
ग्रामीण कार्य विभाग

पटना, 20 अगस्त 2026: बिहार में ग्रामीण संपर्कता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग लगातार महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर रहा है। राज्य में अब तक 1,21,675 बसावटों को पक्की ग्रामीण सड़कों से जोड़ा जा चुका है। इन बसावटों को जोड़ने के लिए 1,20,948 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है।

राज्य में कुल 1,29,990 बसावटों को 1,34,704.13 किलोमीटर पक्की ग्रामीण सड़कों के माध्यम से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अधिकांश लक्षित बसावटों तक सड़क संपर्क पहुंचाया जा चुका है। शेष 8,780 बसावटों को जोड़ने के लिए कार्रवाई प्रक्रियाधीन हैं।

ग्रामीण कार्य विभाग का विशेष ध्यान उन बसावटों तक सड़क संपर्क पहुंचाने पर है, जो अब तक बारहमासी पक्की सड़कों से वंचित रही हैं। विभिन्न ग्रामीण सड़क योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन के माध्यम से इन क्षेत्रों को निकटवर्ती और प्रमुख सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर और निर्बाध सुविधा मिल सके।

इस अभियान को चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। विभाग ने इस वित्तीय वर्ष में 3,161 बसावटों को जोड़ने के लिए लगभग 9,264.54 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों और सड़क विस्तार की प्रक्रिया को लगातार गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इन योजनाओं के तहत आवश्यक वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था करते हुए उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां सड़क संपर्क की आवश्यकता अधिक है।

ग्रामीण सड़क संपर्क के विस्तार से गांवों तक केवल आवागमन की सुविधा ही नहीं पहुंच रही है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच भी बेहतर हो रही है। विभाग का लक्ष्य राज्य की प्रत्येक पात्र बसावट को पक्की और बारहमासी सड़क से जोड़ते हुए ग्रामीण बिहार के विकास को और गति देना है।

ये भी देखे: ग्रामीण सड़क एवं पुल निर्माण को लेकर बिहार सरकार का सख्त रुख, प्रमंडलवार समीक्षा बैठक जारी

You may also like