पंजाब में 1.74 लाख करोड़ रुपये का निवेश, ‘इन्वेस्ट पंजाब’ पहल से उद्योग और रोजगार को मिला रफ्तार

by Manu
इन्वेस्ट पंजाब

पंजाब में औद्योगिक निवेश बढ़ाने, रोजगार के अवसर सृजित करने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ‘इन्वेस्ट पंजाब’ पहल के माध्यम से निवेशकों को आकर्षित करने पर जोर दे रही है।

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से राज्य में लगभग 1.74 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है।

इसके अलावा, वर्ष 2025 के दौरान लगभग 57,000 करोड़ रुपये के निवेश वाले परियोजनाओं के जमीनी स्तर पर लागू होने की जानकारी भी सरकार द्वारा साझा की गई है। सरकार का कहना है कि यह निवेश विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नई परियोजनाओं के रूप में सामने आ रहा है।

राज्य मंत्रिमंडल ने ‘औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026’ तथा पंजाब औद्योगिक क्रांति पहल के तहत विभिन्न सेक्टर संबंधी नीतियों में संशोधन को मंजूरी दी है।

सरकार के अनुसार, नई नीति के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के साथ-साथ पहले से संचालित औद्योगिक इकाइयों के लिए भी विभिन्न वित्तीय प्रोत्साहनों और रियायतों का प्रावधान किया गया है।

‘इन्वेस्ट पंजाब’ पहल के तहत उद्योगों से संबंधित विभिन्न सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। सरकार के अनुसार, भूमि आवंटन, विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां, बिजली कनेक्शन, औद्योगिक नीतियों की जानकारी तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को एकीकृत करने से निवेशकों के लिए परियोजनाएं शुरू करना अपेक्षाकृत आसान होगा।

सरकार का मानना है कि नए औद्योगिक निवेश से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। विशेष रूप से आईटी, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग), एमएसएमई और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में नई इकाइयों के स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होंगे।

You may also like