CM नायब सैनी से मुलाकात के बाद हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 25 अगस्त का रोष प्रदर्शन टाला

by Manu
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी

चंडीगढ़, 19 अगस्त 2026: हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात के बाद हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 25 अगस्त को होने वाले रोष प्रदर्शन को टाल दिया है। मंगलवार देर रात सीएम आवास पर हुई मुलाकात के बाद कमेटी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा ने इसकी जानकारी दी।

बताया कि आंदोलन या घटनाक्रम के दौरान दर्ज किए गए सभी पुलिस पर्चे (केस) कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए वापस और रद्द किए जाएंगे। इसके साथ ही इस मामले में जिन बच्चों और युवाओं को हिरासत में लिया गया या जो जेल में बंद हैं उन्हें जल्द से जल्द रिहा कराने पर सहमति बनी है।

सबसे खास बात यह है कि विवाद से जुड़े मुख्य व्यक्ति पंजाब के खालिस्तान विरोधी नेता गुरसिमरन सिंह मंड ने मेरठ से पत्र भेजकर अपने कृत्य के लिए लिखित रूप से माफी मांगने की इच्छा जताई है जिसके बाद यह पूरा प्रकरण समाप्त मान लिया जाएगा।

बता दें कि अंबाला में मंड पर सात अगस्त को हमला हुआ था। पुलिस ने दो सिख युवकों को अरेस्ट कर लिया था। दोनों की रिहाई की मांग को लेकर सिखों ने 13 अगस्त को दिल्ली-अमृतसर हाईवे जाम कर दिया था। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने झींडा सहित 200 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके खिलाफ कमेटी ने 25 अगस्त को रोष प्रदर्शन का ऐलान किया था।

ये भी देखे: सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने हरियाणा सीएम नायब सैनी से की मुलाकात

You may also like