गोरखपुर, 19 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों के लिए ‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ का शुभारंभ किया। इसमें पीआरडी जवान के परिवार का 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज होगा।
योगी ने ऐलान किया कि जल्द ही पीआरडी जवानों का भत्ता रोजाना 600 रुपये किया जाएगा। इसकी तैयारी की जा चुकी है। अभी पीआरडी जवानों को 500 रुपये मिलते हैं। प्रदेश में 31 हजार पीआरडी जवान रजिस्टर्ड हैं। इसमें 2 हजार से ज्यादा महिलाएं हैं।
सीएम ने पीआरडी जवानों के वर्दी भत्ते के 3000 रुपये उनके खातों में ट्रांसफर किए। इससे पहले लखनऊ में बनने वाले पीआरडी भवन का शिलान्यास किया। 1948 में गठित प्रांतीय रक्षक दल के जवान (स्वयंसेवक) पुलिस के काम में मदद करते हैं।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि पीआरडी जवानों को सुविधा मिली है तो उन्हें और बेहतर ढंग से काम करना होगा। हम सब भारतवासियों का एक ही लक्ष्य होना चाहिए। वह है ‘देश प्रथम’। जो बांटने का काम करते हैं उनसे सावधान रहने की जरूरत है। पीआरडी जवानों का भत्ता 2019 तक 250 रुपये था। 2019 में इसे बढ़ाकर 375 किया। 2022 में 395 रुपये किया। फिर 500 किया।
ये भी देखें: जनता दर्शन: लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों की सुनी पीड़ा, समाधान का दिया भरोसा