मेरठ, 08 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ पहुंचे। यहां उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों पर गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन के महीने में पवित्र कांवड़ यात्रा चल रही है और भगवान शिव के भक्त हरिद्वार की हर की पौड़ी से पवित्र जल लेकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सावन शिवरात्रि तक करीब 4 से 4.5 करोड़ भक्त हरिद्वार से पवित्र जल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचेंगे और शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह कांवड़ यात्रा की व्यापकता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से सभी कांवड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया जा रहा है। कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनका गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता बताया।
ये भी देखे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 का शुभारंभ