नारनौल, 01 अगस्त 2026: महेंद्रगढ़ के नारनौल जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले को पांच नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस उपलब्ध कराई हैं। इनके शामिल होने के बाद जिले में संचालित सरकारी एंबुलेंसों की संख्या 26 से बढ़कर 31 हो गई है।
नई ALS एम्बुलेंसों के संचालन से सड़क हादसों, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, प्रसव पीड़ा और अन्य गंभीर मामलों में मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार आपात स्थिति में शुरुआती एक घंटे को ‘गोल्डन ऑवर’ माना जाता है। इसमें इलाज मिलने पर मरीज की जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
नई एम्बुलेंस मिलने के बावजूद विभाग के सामने एक नई चुनौती भी है। वर्तमान में जिले में संचालित करीब 11 एम्बुलेंस अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने के करीब पहुंच चुकी हैं। वर्ष 2018-19 में मिली 13 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस भी पुरानी हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनके स्थान पर नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सरकार को भेज रखा है।
ये भी देखे: बहादुरगढ़ में रफ्तार ने ली स्विमिंग कोच की जान, तेज रेनॉल्ट ट्राइबर ने स्कूटी को मारी टक्कर