मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के अनुसार, राज्य में अब तक 68,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार इस भर्ती अभियान को ‘रोज़गार क्रांति’ के रूप में आगे बढ़ा रही है।
मान सरकार का दावा है कि ये नियुक्तियां योग्यता और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के आधार पर की गई हैं। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसके तहत पंजाब के अलग-अलग जिलों, गांवों, शहरों और कस्बों के युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिल रहा है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न विभागों में अब तक 68 हजार से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं और भर्ती प्रक्रिया आगे भी जारी है। बड़ी संख्या में सरकारी पदों पर नियुक्तियां ऐसे समय में महत्वपूर्ण हैं, जब रोजगार पंजाब के युवाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का कहना है कि सरकारी नौकरियों में चयन केवल योग्यता के आधार पर किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया में रिश्वत और सिफारिश की व्यवस्था को खत्म करते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
पंजाब सरकार द्वारा दी जा रही सरकारी नौकरियां पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि हमारी सरकार ने पंजाब के युवाओं को 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। पैसे लेने और पक्षपात का दौर खत्म हो गया है। यही कारण है कि हमारी सरकार द्वारा की गई एक भी नियुक्ति को किसी अदालत में चुनौती नहीं दी गई है। इसी तरह काम करते हुए हम रंगला पंजाब बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”